Bihar News: 7 महीने की गर्भवती की ससुरालवालों ने पीट-पीटकर की हत्या, शव को फांसी के फंदे से लटकाया
बिहार के कटिहार में दहेज के लिए सात माह की गर्भवती जन्नती खातून की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना को सुसाइड का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। मृतका के शरीर के कई जगहों पर जख्म के निशान हैं। पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। ससुराल के अन्य लोग फरार हैं।
संवाद सूत्र, फलका (कटिहार)। बिहार के कटिहार में गोबिंदपुर पंचायत के वाहिदनगर महेशपुर गांव में ससुरालवालों ने दहेज के लिए सात माह की गर्भवती बहू जन्नती खातून (20) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए ससुरालवालों ने उसके शव को फंदे से लटका दिया गया।
मृतका के शरीर के कई जगहों पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने मामले में मृतका के पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। ससुराल पक्ष के अन्य लोग घटना के बाद से फरार हैं।
मृतका की मां ने लगाए गंभीर आरोप
खगड़िया जिले के मलिया गांव की मृतका की मां रसीदा खातून ने ससुर व पति द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 माह पूर्व वाहिद नगर निवासी मो. सलीम के पुत्र मो. नजाम के साथ जन्नती की शादी हुई थी। हैसियत के अनुरूप दहेज भी दिया गया था।
उन्होंने बताया कि शादी के कुछ माह बाद ही ससुराल वालों द्वारा दहेज में मोटी रकम की मांग की जाने लगी। इसे लेकर पति व ससुराल वालों द्वारा जन्नती को प्रताड़ित किया जाने लगा। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई।
थानाध्यक्ष ने क्या कहा?
थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार पटेल ने बताया कि पति मुहम्मद नजाम व ससुर मुहम्मद सलीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार हैं। मामले की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Paper Leak: UP सिपाही भर्ती और बिहार शिक्षक भर्ती पेपर लीक में है बड़ा कनेक्शन! EOU खोल रहा सॉल्वर गिरोह की पोल